जौनपुर में प्लाटून पुल का लोकार्पण, शहरी क्षेत्र को जाम से मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में प्लाटून पुल का लोकार्पण, शहरी क्षेत्र को जाम से मिलेगी राहत


जौनपुर में प्लाटून पुल का लोकार्पण, शहरी क्षेत्र को जाम से मिलेगी राहत


जौनपुर में प्लाटून पुल का लोकार्पण, शहरी क्षेत्र को जाम से मिलेगी राहत


जौनपुर , 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में शहरी क्षेत्र की जनता को जाम की समस्या से राहत देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक गोमती नदी पर बने प्लाटून पुल (पीपे का पुल) को रविवार को जनता को समर्पित कर दिया गया।

खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ पुल का लोकार्पण किया। लगभग 66.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है। इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि जनपद के शहरी क्षेत्र के बीचों-बीच बहने वाली गोमती नदी के कारण शहर दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक बड़ी आबादी नदी के इस पार तो दूसरी उस पार रहती है। आवागमन के लिए सीमित पक्के पुल होने के कारण जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए पहले सिपाह अचला देवी घाट से मियापुर तक एक प्लाटून पुल बनाया गया था, जो पहले से ही जनता के उपयोग में है। वहीं अब बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक बने इस नए पुल के शुरू होने से कटघरा, ताड़तला, मखदूम शाह अढ़न, अबीरगढ़ टोला, तूतिपुर, पानदरीबा और पुरानी बाजार समेत कई मोहल्लों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

गिरीश चंद्र यादव ने यह भी कहा कि शास्त्री पुल के समानांतर एक नए पक्के पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें हो रही देरी को लेकर उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है और अब निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

लोकार्पण कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, नगर अध्यक्ष कमलेश निषाद, जिला महामंत्री अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, सभासद नंदलाल यादव, विष्णु सेठ, सिपिन सिंह,मुन्ना सिंह, ब्रह्मेश शुक्ला,अभिषेक श्रीवास्तव, दीपू मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story