नवनिर्मित विद्यालय आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की गढ़ेगा नींव : महापौर

WhatsApp Channel Join Now
नवनिर्मित विद्यालय आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की गढ़ेगा नींव : महापौर


--हरवारा प्रथम स्थित अभ्युदय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का हुआ लोकार्पण

प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स)। नगर निगम प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत ‘ऑपरेशन कायाकल्प योजना’ के तहत हरवारा प्रथम स्थित अभ्युदय उच्च प्राथमिक कम्पोजिट विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज निरंतर प्रयासरत है कि शहर के प्रत्येक विद्यालय को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाए। जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी रूप से समृद्ध शिक्षा प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि यह नवनिर्मित विद्यालय न केवल एक भवन है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव गढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा एवं उनके समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ एवं सुसज्जित क्लासरूम, डिजिटल स्मार्ट बोर्ड, अत्याधुनिक साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, रसोईघर, गार्ड रूम एवं आकर्षक शैक्षिक भित्ति चित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह सभी व्यवस्थाएं बच्चों को एक सुरक्षित, प्रेरणादायक एवं आधुनिक वातावरण प्रदान करेंगी। जिससे उनकी सीखने की क्षमता और रुचि दोनों में वृद्धि होगी।

महापौर ने आगे कहा कि इस प्रकार की पहलें शिक्षा को अधिक रोचक, व्यवहारिक एवं प्रभावी बनाती हैं और बच्चों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संसाधन पहुंचें, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, क्षेत्रीय पार्षद दीपिका सिंह पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र प्रतिभा सिंह, सपोर्ट इंजीनियर अभिजीत राज निगम, इंचार्ज प्रधानाचार्य सहित पार्षदगण अनिल कुशवाहा, दीपक कुशवाहा, राजेश केसरवानी, गुलाब सिंह पटेल, सुनील केशरवानी, मंडल अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, पदुम जायसवाल, रॉबिन साहू, प्रेम केसरवानी, सतीश प्रजापति, आकाश गुप्ता, दीनानाथ कुशवाहा, ज्ञान बाबू केसरवानी, संजय कुशवाहा, पवन मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता, अधिकारीगण, शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story