एनसीआर की डिजिटल उत्कृष्टता एवं कर्मचारियों की बेहतर सेवाओं में महत्वपूर्ण उपलब्धि : महाप्रबंधक

WhatsApp Channel Join Now
एनसीआर की डिजिटल उत्कृष्टता एवं कर्मचारियों की बेहतर सेवाओं में महत्वपूर्ण उपलब्धि : महाप्रबंधक


--वेब आधारित अनुप्रयोग “एनसीआर-होम” का हुआ उद्घाटन

प्रयागराज, 28 अप्रैल (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे के आईटी सेल द्वारा विकसित एक नया वेब-आधारित अनुप्रयोग “एनसीआर-होम’’ का उद्घाटन मंगलवार को महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया। यह अनुप्रयोग एनसीआर के 60 हजार से अधिक कर्मचारियों को आवास आवंटन एवं प्रबंधन प्रक्रियाओं में सुविधा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के डिजिटल समाधान मैन्युअल कार्यों को कम करेंगे, पारदर्शिता बढ़ाएंगे तथा आवंटन मामलों के त्वरित निस्तारण में सहायक होंगे। यह अनुप्रयोग आगामी 20-25 दिनों में पूर्ण रूप से कार्यान्वित कर उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। यह पहल उत्तर मध्य रेलवे की डिजिटल उत्कृष्टता एवं कर्मचारियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

यह जानकारी मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि कान्त त्रिपाठी ने देते हुए बताया कि इस अनुप्रयोग का उद्घाटन एनसीआर के महाप्रबंधक ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किया। यह पहल उत्तर मध्य रेलवे की पारदर्शिता, दक्षता एवं उपयोगकर्ता सुविधा बढ़ाने हेतु प्रौद्योगिकी के उपयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पहल डिजिटल परिवर्तन और प्रशासनिक दक्षता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि यह एनसीआर-होम एक व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो रेलवे आवास प्रबंधन की सम्पूर्ण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करता है। इसके माध्यम से कर्मचारी आवास के लिए आवेदन कर सकते हैं, उपलब्धता देख सकते हैं, आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं तथा सूचनाएं प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, प्रशासकों के लिए वर्क फ़्लो प्रबंधन, रिपोर्टिंग एवं ऑडिट ट्रैकिंग की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

इस प्रणाली में विभिन्न स्तरों पर सुव्यवस्थित डिजिटल वर्क फ़्लो प्रक्रिया लागू की गई है। आवेदन प्रक्रिया डीलर स्तर से प्रारम्भ होकर वेरिफिकेशन स्तर एवं स्वीकृति स्तर से गुजरती है। मुख्यालय, मंडल, उप-मंडल एवं रोड साइड स्टेशन स्तर पर अथवा स्टेशन प्रबंधक द्वारा स्वीकृति की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विशेष मामलों जैसे आउट-ऑफ-टर्न एवं पूल ट्रांसफर के लिए उच्च स्तर पर अनुमोदन का प्रावधान भी किया गया है ।

वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि यह अनुप्रयोग आईटी सेल, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा विकसित किया गया है। जिसमें आशीष कुमार, अमित कुमार एवं अनिल कुमार पटेल का विशेष योगदान रहा है। यह कार्य अतुल कुमार मिश्रा, उप महाप्रबंधक (सामान्य) के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। यह प्रणाली आधुनिक ई-गवर्नेंस मानकों के अनुरूप उपयोगकर्ता-अनुकूल एवं प्रभावी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story