प्रयागराज के वात्सल्य हॉस्पिटल में अत्याधुनिक ‘वर्टिगो लैब’ प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज के वात्सल्य हॉस्पिटल में अत्याधुनिक ‘वर्टिगो लैब’ प्रारंभ


प्रयागराज, 14 मई (हि.स)। प्रयागराज शहर के सिविल लाइन स्थित वात्सल्य हॉस्पिटल द्वारा शहरवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को अत्याधुनिक वर्टिगो लैब की शुरुआत की गई। अब अस्पताल में चक्कर आना, संतुलन बिगड़ना एवं बैलेंस से जुड़ी समस्याओं का आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देख-रेख में सटीक परीक्षण, सही निदान एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध होगा।

अस्पताल के निदेशक डॉ नीरज अग्रवाल ने कहा कि, वर्तमान समय में वर्टिगो एवं बैलेंस डिसऑर्डर से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में मरीजों को सही समय पर सटीक जांच और उचित उपचार मिलना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वात्सल्य हॉस्पिटल में नवीनतम तकनीकों से सुसज्जित वर्टिगो लैब स्थापित की गई है।

उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक लैब में मरीजों के लिए VNG, DVA, SVV, Cold Caloric and VEMP जैसी उन्नत जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिनकी सहायता से कान, मस्तिष्क एवं शरीर के संतुलन तंत्र से जुड़ी समस्याओं का विस्तृत परीक्षण किया जा सकेगा।

इस अवसर पर अस्पताल की निदेशिका डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि, “वात्सल्य हॉस्पिटल हमेशा से मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। वर्टिगो लैब की शुरुआत से अब प्रयागराज एवं आसपास के लोगों को बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सहायता से मरीजों को बेहतर जांच और उपचार एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा।”

इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें बार-बार चक्कर आना, असंतुलन महसूस होना या बैलेंस से सम्बंधित कोई परेशानी हो तो विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श अवश्य लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story