सदर विधायक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
सदर विधायक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन


उरई, 15 जून (हि.स.)। उरई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डकोर विकासखंड के ग्राम औंता में स्थित कई वर्षों पुराने प्राचीन मंदिर तक आजादी के बाद पहली बार सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से मंदिर तक सुगम मार्ग की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इस अवसर पर सदर विधायक उरई गौरीशंकर वर्मा ने पहुंचकर सड़क एवं विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

विधायक गौरीशंकर वर्मा ने ग्राम औंता में लगभग 3 किलोमीटर लंबे सम्पर्क मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। करीब 2 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग गांव की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा तथा ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा प्रदान करेगा। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

बता दें कि, बुंदेलखंड विकास निधि (जिलांश) योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत डकोर क्षेत्र के ग्राम औंता में बड़ी माता मंदिर की ओर इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण सोमवार को विधायक गौरीशंकर वर्मा के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। यह निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उरई (जालौन) द्वारा कराया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story