उप्र में मद्यपान कर वाहन चलाते पकड़े गए 2,654 वाहन चालक, 2.65 करोड़ का किया चालान

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में मद्यपान कर वाहन चलाते पकड़े गए 2,654 वाहन चालक, 2.65 करोड़ का किया चालान


लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में 9 और 10 मई को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 69,683 वाहनों की जांच की गई। मद्यपान कर वाहन चलाते हुए पाये गये 2,654 वाहन चालकों का 2 करोड़ 65 लाख 40 हजार रुपये अर्थदण्ड का चालान किया गया।

डीजीपी ने बताया कि प्रदेश में विगत वर्षों में घटित सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 में घटित कुल सड़क दुर्घटनाओं में क्रमशः 8.61 प्रतिशत, 6.05 प्रतिशत एवं 3.51 प्रतिशत दुर्घटनाएं मद्यपान कर वाहन चलाने के कारण हुईं।

आंकड़ों की समीक्षा में यह प्रकाश में आया है कि सप्ताहांत (वीकेंड) पर लोग नशे की अवस्था में वाहन चलाते हैं, जिससे मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष रूप से रात्रिकाल में वाहन चालकों एवं निर्दोष नागरिकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। इसे रोकने के लिए 9 एवं 10 मई को सम्पूर्ण प्रदेश में मद्यपान कर वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया।

इस दौरान टोल प्लाजाओं पर प्रत्येक लेन के लिए समर्पित (डेडिकेटेड) चेकिंग टीमें नियुक्त करते हुए उन्हें टॉर्च, रिफ्लेक्टिव जैकेट, बॉडी वॉर्न कैमरा, लाउड हेलर एवं ब्रेथ एनालाइजर उपलब्ध कराये गये। अभियान में लगी महिला पुलिसकर्मियों ने 'मीट एंड ग्रीट' की प्रक्रिया अपनाते हुये परिवार के साथ यात्रा कर रही महिलाओं से कुशलक्षेम पूछा। यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए भी समुचित प्रयास किये गये। इसके अतिरिक्त निर्माण सामग्री परिवहन करने वाले डंपर और ट्रकों की हाई स्क्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) का मौके पर ही सत्यापन किया गया।

इस दौरान प्रदेश में कुल 135 टोल प्लाजाओं पर यातायात एवं नागरिक पुलिस के कुल 3,645 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। इनमें 135 निरीक्षक, 270 उपनिरीक्षक, 1,080 मुख्य आरक्षी/आरक्षी (पुरुष), 1,080 मुख्य आरक्षी/आरक्षी (महिला) एवं 1,080 होमगार्ड अभियान में तैनात रहे।

अभियान के दौरान कुल 69,683 वाहनों की जांच की गई तथा मद्यपान कर वाहन चलाते हुए पाये गये 2,654 वाहन चालकों का 2 करोड़ 65 लाख 40 हजार रुपये अर्थदण्ड का चालान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story