प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
अमेठी, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री एवं जनपद अमेठी की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय अमेठी दौरे के दौरान तिलोई स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश यादव ने बताया कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज परिसर में मरीजों का उपचार नहीं किया जा रहा है, जबकि 200 शैय्या युक्त रेफरल चिकित्सालय में ओपीडी सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो चुकी है तथा प्रथम बैच में निर्धारित 100 सीटों के सापेक्ष सभी छात्रों का प्रवेश हो चुका है।प्रभारी मंत्री ने शैक्षणिक भवन, छात्रावास, प्रशासनिक भवन समेत विभिन्न निर्माणाधीन इकाइयों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का पूर्ण संचालन शुरू होने के बाद अमेठी सहित आसपास के जिलों के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे।
इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक सुविधाओं, आवास व्यवस्था एवं अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन करने तथा चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, उप जिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, तहसीलदार तिलोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

