कमजोर प्रदर्शन वाली योजनाओं में तत्काल सुधार लाकर समयबद्ध पूरा करें लक्ष्य : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कमजोर प्रदर्शन वाली योजनाओं में तत्काल सुधार लाकर समयबद्ध पूरा करें लक्ष्य : जिलाधिकारी


कानपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिन योजनाओं और परियोजनाओं में जनपद का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर है, उनमें तत्काल सुधार लाकर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में कहीं।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों में कानपुर नगर की रैंकिंग मई में 41वें स्थान से सुधरकर जून में 24वें स्थान पर पहुंच गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन योजनाओं में प्रदर्शन अभी भी संतोषजनक नहीं है, उनमें विशेष प्रयास कर सुधार लाया जाए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जनपद की ग्रेडिंग 'डी' होने पर जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का सत्यापन खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र पूरा कराते हुए जुलाई में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने और लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फैमिली आईडी योजना की समीक्षा में जनपद की ग्रेडिंग 'सी' पाए जाने पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पंजीकृत श्रमिक, बेसिक शिक्षा और स्वयं सहायता समूहों के लाभार्थियों की फैमिली आईडी प्राथमिकता के आधार पर तैयार कराने को कहा गया। उन्होंने सभी विभागों को उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक फैमिली आईडी बनाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

जननी सुरक्षा योजना में जनपद के प्रदर्शन में सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि मई में 'डी' श्रेणी में रही ग्रेडिंग जून में 'बी' श्रेणी में पहुंच गई है। उन्होंने सभी पात्र प्रसूताओं को योजना का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पर्यटन विभाग की निर्माण परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के विरुद्ध शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज सभी निर्माण परियोजनाओं को गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी आत्मस्वरूप रस्तोगी, पीडीएसडीओ ईशा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story