आईजीआरएस में सुधार और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध हाे निस्तारण : जिलाधिकारी
कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। जनशिकायतों और विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईजीआरएस की रैंकिंग में सुधार के लिए विभागों में डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था की जाए और शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यालयों में पात्रता, जरूरी दस्तावेज व आवेदन प्रक्रिया स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। ये निर्देश सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दिए।
जिलाधिकारी ने आज विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी जनशिकायत अथवा विभागीय प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस की रैंकिंग में सुधार के लिए विभागवार डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को जनशिकायतों की नियमित समीक्षा करने और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए कार्यालयों में पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन की प्रक्रिया स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारी और कर्मचारियों के एक साथ बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में बेहतर व्यवस्था से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता आएगी और आमजन से जुड़े मामलों का प्रभावी निस्तारण हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के साथ अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

