मुरादाबाद : महानगर में 100 से अधिक स्थानों से हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन, गूंजे जयकारें

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : महानगर में 100 से अधिक स्थानों से हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन, गूंजे जयकारें


मुरादाबाद : महानगर में 100 से अधिक स्थानों से हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन, गूंजे जयकारें


- स्थानीय रामगंगा नदी, बृजघाट (गढ़मुक्तेश्वर), हरिद्वार (उत्तराखंड) जाकर किया गया विसर्जन

मुरादाबाद, 19 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर में शनिवार को 100 से अधिक स्थानों पर गणेश महोत्सव का विसर्जन यात्रा के साथ समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने स्थानीय रामगंगा नदी, बृजघाट (गढ़मुक्तेश्वर), हरिद्वार (उत्तराखंड) जाकर प्रतिमा विसर्जन किया। विसर्जन से पूर्व बैंड बाजों, ढोल नगाड़ों की थाप पर अबीर गुलाल उड़ाते हुए मनमोहक झांकियों के साथ शोभा यात्राएं निकाली गई। शोभायात्रा का मार्ग में पुष्प वर्षा से स्वागत अभिनंदन हुआ व गणेश भगवान की आरती उतारी गई।

गणपति चौक गंज बाजार, मंडी चौक, अताई स्ट्रीट, जीलाल स्ट्रीट, महल सराय, गुड़िया मोहल्ला, कटघर, रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, हिमगिरी कॉलोनी, चंद्रनगर, लाइनपार, कोठीवाल नगर, गांधीनगर, लाजपत नगर, डबल फाटक, जयंतीपुर, बुद्धि विहार, हरथला, आशियाना आदि मौहल्लों व कॉलोनियों में महोत्सवों के समापन पर शनिवार को गणपति बप्पा की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व हवन पूजन किया गया और फिर भंडारे का आयोजन किया गया। इसके बाद झांकियों के साथ के लिए भव्य शोभायात्राएं निकाली गई। सजे वाहन पर विराजमान गणपति की प्रतिमा के साथ श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़े। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और गणपति बप्पा के जयकारे लगाकर माहौल भक्तिमय कर दिया। पीले परिधानों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। रास्ते में लोगों ने गणपति की आरती कर दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा के दौरान ढोल की थाप पर श्रद्धालु जमकर थिरके। रामगंगा में विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष गणपति बप्पा के फिर से आगमन की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story