बंगाली समाज ने सिंदूर उत्सव के साथ दुर्गा प्रतिमा का किया विसर्जन

WhatsApp Channel Join Now
बंगाली समाज ने सिंदूर उत्सव के साथ दुर्गा प्रतिमा का किया विसर्जन


मुरादाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में सर्व कल्याण बंगाली एसोसिएशन के तत्वाधान में द्वारा बीते छह दिन से आयोजित हो रहे श्री दुर्गा महोत्सव का आज बुधवार को दशमी तिथि पर मूर्ति विसर्जन के साथ समापन हुआ। सर्व कल्याण बंगाली एसोसिएशन द्वारा साईं सेलिब्रेशन में सजे दुर्गा पूजा के पंडालों में बुधवार को सुबह सिंदूर उत्सव मनाया गया इसके बाद ढोल नगाड़ों और बैंड बाजों के साथ नाचते-गाते हुए दुर्गा प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। बंगाली समाज के लोगों ने विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के साथ दुर्गा प्रतिमा का रामगंगा नदी में विसर्जन किया। मंगलवार को सर्वजनीन बंगाली एसोसिएशन के साथ कुछ अन्य समितियाें द्वारा भी दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया गया था।

सर्व कल्याण बंगाली एसोसिएशन के तत्वाधान में आज साईं सेलिब्रेशन में दुर्गापूजा महा दशमी का पूजन किया गया और सिंदूर उत्सव का आयोजन हुआ। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ मां दुर्गा प्रतिमा की विसर्जन यात्रा लाइन पार से शुरू होकर फुब्बारा चौक तक आई और यहां से कांठ रोड एमडीए स्थित रामगंगा तट पर पहुंची। जहां विसर्जन से पूर्व पुरोहित द्वारा प्रतिमा का पूजन किया गया और सभी ने हाथ जोड़कर भूलवश हुई गलती की क्षमा प्रार्थना की। साथ ही देश, राज्य, घर-परिवार में सुख, समृद्धि, कल्याण की कामना करते हुए प्रतिमा का रामगंगा नदी में विसर्जन किया।

इस अवसर पर सौरभ चक्रवर्ती, सुदीप बनर्जी, अरुणदीप भट्टाचार्य, अभिजीत राय , सुजीत मल्लिक आदि मौजूद रहे। इसके अलावा अन्य दुर्गा पंजा पंडालों में भी सिंदूर उत्सव के बाद मां दुर्गा प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकालकर रामगंगा नदी में प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story