मरीजों को सस्ता इलाज दिलाने के लिए आईएमए बनाएगा प्रस्ताव : डॉ. अमित सिंह गौर

WhatsApp Channel Join Now
मरीजों को सस्ता इलाज दिलाने के लिए आईएमए बनाएगा प्रस्ताव : डॉ. अमित सिंह गौर


कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और महंगी दवाओं की कीमतों को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ठोस पहल करेगा। इसके लिए चिकित्सकों के साथ चर्चा कर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा और सरकार के माध्यम से दवाओं की कीमतें समान करने की मांग उठाई जाएगी।

यह बातें गुरुवार को कानपुर शहर में परेड स्थित आईएमए हॉल में पत्रकारों के साथ संवाद के दौरान कही। आईएमए में प्रतिवर्ष चुनाव के जरिए नई कार्यकारिणी का गठन किया जाता है। इस बार नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर और सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव ने पदभार संभालने के बाद पत्रकारों के साथ स्वस्थ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने, मरीजों की समस्याओं और आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने पत्रकारों से सुझाव भी मांगे।

संवाद के दौरान अध्यक्ष और सचिव ने कहा कि आईएमए के करीब 2500 से अधिक सदस्यों के सहयोग से मरीजों को इलाज में राहत देने के प्रयास किए जाएंगे। महंगी दवाओं के मुद्दे पर सदस्यों के साथ विचार-विमर्श कर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद सरकार के समक्ष दवाओं की कीमतों में समानता लाने की मांग रखी जाएगी, ताकि मरीजों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो सके।

उन्होंने कहा कि आईएमए का समाज से सीधा जुड़ाव बढ़ाने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने पर जोर रहेगा। आईएमए परिसर में पहले से संचालित ओपीडी का भी विस्तार किया जाएगा। इसका प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा, जिससे मरीजों को कम खर्च में इलाज मिल सके। पदाधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आईएमए सक्रियता से काम करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story