देवरिया : अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा, अधिकारियों ने किया सील

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा, अधिकारियों ने किया सील


देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र में एक अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी के साथ की गई।

स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डा. एस के . राव के साथ टीम ने तहसील रोड स्थित केंद्र पर औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान केंद्र संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील कर दिया।

सूत्रों के अनुसार रुद्रपुर क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई केंद्र नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हैं।

इस संबंध में डॉ. अश्वनी पांडे ने बताया कि रुद्रपुर में केवल पांच अल्ट्रासाउंड केंद्र ही विधिवत पंजीकृत हैं, जबकि अन्य के अवैध रूप से संचालित होने की सूचना मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्रों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अवैध रूप से संचालित केंद्रों पर कार्रवाई तेज होने के संकेत मिले हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story