अवैध खनन के विरोध पर हमला, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा पांच सूत्रीय मांग पत्र
कानपुर, 21 मई (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र के अकबरपुरवा (कैधा) गांव में अवैध खनन का विरोध करने वाले अतुल सिंह समेत ग्रामीणों ने गुरुवार को जिलाधिकारी कानपुर नगर को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा सत्ता संरक्षण में अवैध मिट्टी खनन कराया जा रहा है और शिकायतों के बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, 16 मई को अतुल सिंह और गांव के अन्य लोगों ने ग्राम समाज की भूमि पर हो रहे अवैध खनन की शिकायत पुलिस प्रशासन से की थी। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया, लेकिन आरोप है कि उसी रात शिकायत वापस लेने की धमकी दी गई। इसके अगले दिन 17 मई की रात अशोक सिंह चौहान, हृदांश सिंह सेंगर, पवन सिंह राजावत, रोहित सिंह समेत कई लोगों ने असलहों के साथ अतुल सिंह के घर पर हमला कर दिया। आरोपितों ने मारपीट, फायरिंग और घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। मामले में थाना सचेड़ी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता धनीराम पैंथर ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पहले शिकायत पर सख्त कार्रवाई करता तो यह घटना टाली जा सकती थी।
ग्रामीणों ने मांग पत्र में शेष आरोपितों की गिरफ्तारी, अतुल सिंह और अन्य ग्रामीणों को सुरक्षा, अवैध खनन पर रोक तथा ग्राम समाज की भूमि का सीमांकन कर सार्वजनिक उपयोग में लेने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

