अवैध खनन पर सख्ती: औरैया में चेकिंग अभियान के दौरान 10 डंपर जब्त, 3.58 लाख जुर्माना
औरैया, 12 अप्रैल (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग शनिवार की रात्रि में अभियान के दौरान 10 डंपरों को जब्त किया गया, जबकि 23 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल ₹3 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर यह संयुक्त अभियान देवकली चौकी, जालौन चौराहा और औरैया-इटावा मार्ग पर संचालित किया गया। अभियान में उपजिलाधिकारी (सदर) अजय आनंद वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, कोतवाली औरैया के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, खान अधिकारी वशिष्ठ यादव, एआरटीओ कार्यालय के पीटीओ आनंद राय और जीएसटी कार्यालय के सीटीओ शैलेंद्र मौर्य सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
जांच के दौरान कुल 34 डंपरों की जांच की गई, जिनमें से 10 को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त, धारा 318(4) BNS के तहत एक प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि प्रदेश सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

