नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देगा ‘अभिव्यक्ति 2026’ : डॉ आशुतोष अग्निहोत्री

WhatsApp Channel Join Now
नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देगा ‘अभिव्यक्ति 2026’ : डॉ आशुतोष अग्निहोत्री


कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में ‘अभिव्यक्ति 2026’ नवाचार और उद्यमिता की उस भावना का प्रतीक है जिसे आईआईटी कानपुर लंबे समय से प्रोत्साहित करता रहा है। संस्थापकों, निवेशकों, उद्योग जगत के नेताओं और नीति-निर्माताओं को एक मंच पर लाकर यह कार्यक्रम नई तकनीकों को शोध से आगे बढ़ाकर समाज पर सार्थक प्रभाव डालने का अवसर प्रदान करता है।

एसआईआईसी आईआईटी कानपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ आशुतोष अग्निहोत्री ने कही। उन्हाेंने बताया कि आईआईटी कानपुर में 20 और 21 मार्च को ‘अभिव्यक्ति 2026’ नामक दो दिवसीय प्रमुख नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) द्वारा किया जा रहा है। इसमें देशभर से 150 से अधिक नवाचारी स्टार्टअप भाग लेंगे, साथ ही निवेशक, मार्गदर्शक, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

“उन्नत शोध से वैश्विक समाधान तक” विषय पर आधारित यह कार्यक्रम प्रयोगशालाओं में विकसित शोध आधारित नवाचारों को बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया को गति देने का मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्टार्टअप, निवेशकों, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप प्रदर्शनी, विषयगत परिचर्चाएं, उद्यमियों के साथ संवाद, निवेशकों के साथ सहभागिता और विभिन्न नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के जरिए स्टार्टअप को अपनी तकनीकों को प्रदर्शित करने और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख लोगों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

अभिव्यक्ति 2026 में कृषि प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वच्छ ऊर्जा तकनीक, साइबर सुरक्षा, रक्षा एवं एयरोस्पेस, वित्तीय तकनीक, इंटरनेट आधारित उपकरण और सेमीकंडक्टर तथा चिकित्सा तकनीक जैसे कई क्षेत्रों से जुड़े स्टार्टअप भाग लेंगे। इससे देश के डीप-टेक स्टार्टअप क्षेत्र में हो रहे विविध नवाचारों की झलक देखने को मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि एसआईआईसी, आईआईटी कानपुर की स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी। यह देश के शुरुआती और बड़े प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटरों में से एक है, जिसने 25 वर्षों से अधिक समय में 500 से अधिक स्टार्टअप को सहयोग प्रदान किया है। केंद्र रक्षा, एयरोस्पेस, वित्तीय तकनीक, स्वास्थ्य और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story