आईआईटी कानपुर : 22 अक्टूबर तक करें यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज के लिए आवेदन, डेढ़ लाख तक का पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी कानपुर : 22 अक्टूबर तक करें यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज के लिए आवेदन, डेढ़ लाख तक का पुरस्कार


कानपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज 2027 के लिए 18 से 35 वर्ष के युवा नवाचारकर्ताओं से आवेदन मांगे हैं। सामाजिक समस्याओं के समाधान पर आधारित तकनीक से जुड़े विचार प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को संस्थान में विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा। प्रतियोगिता में शीर्ष पांच टीमों को डेढ़ लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत आयोजित इस राष्ट्रीय पहल में आईआईटी कानपुर नॉलेज पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। संस्थान का स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर युवाओं के विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ देशभर में जागरूकता अभियान चला रहा है।

आईआईटी कानपुर की मीडिया प्रभारी श्वेता भारती ने बताया कि इस पहल के माध्यम से युवाओं को सामाजिक चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचार विकसित करने और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपने विचारों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

प्रतिभागी स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण, आपदा प्रबंधन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन व्यक्तिगत रूप से या अधिकतम तीन सदस्यों की टीम बनाकर किया जा सकता है। भागीदारी पूरी तरह निशुल्क है। स्टार्टअप संस्थापकों के उद्यम को स्टार्टअप इंडिया के तहत मान्यता प्राप्त होनी चाहिए या सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के रूप में पंजीकृत होना चाहिए। कार्यरत पेशेवरों को अपने नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाणपत्र देना होगा।

आवेदनों की जांच के बाद अक्टूबर और नवंबर में क्षेत्रीय स्तर पर प्रदर्शन होंगे। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से तीन टीमों का चयन किया जाएगा, जिनमें से आईआईटी कानपुर एक राष्ट्रीय फाइनलिस्ट चुनेगा। चयनित टीमों को दिसंबर में ऑनलाइन मार्गदर्शन के बाद 8 और 9 दिसंबर को संस्थान में प्रत्यक्ष प्रशिक्षण मिलेगा। प्रत्येक टीम को प्रोटोटाइप और पोस्टर तैयार करने के लिए पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।

10 से 12 जनवरी 2027 तक होने वाले राष्ट्रीय समारोह में फाइनलिस्ट अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे। शीर्ष पांच टीमों को क्रमशः डेढ़ लाख, एक लाख, 75 हजार, 50 हजार और 30 हजार रुपये के पुरस्कार मिलेंगे। इच्छुक प्रतिभागी एमवाई भारत पोर्टल पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज विकल्प से 22 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763649 Articles

Share this story