आईआईटी कानपुर में “साइबर सुरक्षा के लिए एजेंटिक एआई” पर 5 दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम : प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी कानपुर में “साइबर सुरक्षा के लिए एजेंटिक एआई” पर 5 दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम : प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल


कानपुर, 26 मई (हि.स.)। एजेंटिक एआई भविष्य में साइबर सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने और सुरक्षित डिजिटल व्यवस्था विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बातें मंगलवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रोफेसर मणीन्द्र अग्रवाल ने कही।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के सी3आईहब और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी भोपाल के सहयोग से साइबर सुरक्षा के लिए एजेंटिक एआई विषय पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 से 29 जून तक आईआईटी कानपुर स्थित सी3आईहब में आयोजित होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित आधुनिक साइबर सुरक्षा प्रणालियों की व्यावहारिक जानकारी देना है। इसमें साइबर रक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक, सुरक्षा संचालन केंद्र, वल्नरेबिलिटी असेसमेंट एंड पेनिट्रेशन टेस्टिंग तथा स्वचालित सुरक्षा प्रणालियों में एजेंटिक एआई की भूमिका पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

संकाय विकास कार्यक्रम विशेष रूप से फैकल्टी सदस्यों, उद्योग विशेषज्ञों, शोधार्थियों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। पांच दिवसीय पाठ्यक्रम में एजेंटिक एआई साइबर सुरक्षा की मूल अवधारणाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित एथिकल हैकिंग, साइबर फॉरेंसिक एवं एआई आधारित जांच, स्वचालित साइबर रक्षा और एआई आधारित सुरक्षा संचालन केंद्र जैसे विषय शामिल रहेंगे।

कार्यक्रम मिश्रित माध्यम में आयोजित होगा। प्रत्यक्ष भागीदारी के लिए 40 सीटें उपलब्ध हैं, जिनका चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी कानपुर के सी3आईहब और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी भोपाल की ओर से संयुक्त प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story