दीपक राज के नेतृत्व में आईआईटी कानपुर फाउंडेशन को मिलेगी नई दिशा : प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
दीपक राज के नेतृत्व में आईआईटी कानपुर फाउंडेशन को मिलेगी नई दिशा : प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल


कानपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। दीपक राज कई दशकों से आईआईटी कानपुर के मजबूत सहयोगी रहे हैं और वैश्विक वित्त व सार्वजनिक सेवा में उनका अनुभव हमारे छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में फाउंडेशन को नई दिशा और गति मिलेगी और संस्थान की प्रगति और तेज होगी।

यह बातें सोमवार को आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कही। वे दीपक राज नियुक्ति पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर फाउंडेशन ने वॉल स्ट्रीट के अनुभवी वित्त विशेषज्ञ और परमार्थी दीपक राज को अपने निदेशक मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब फाउंडेशन वैश्विक स्तर पर अपनी रणनीतिक पहलों को विस्तार दे रहा है। दीपक राज चार दशकों से अधिक के अनुभव के साथ इस भूमिका में आए हैं। वे राज एसोसिएट्स के संस्थापक और मेरिल लिंच में ग्लोबल इक्विटी रिसर्च के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। उनके नेतृत्व से फाउंडेशन की एंडोमेंट और अनुसंधान सहयोग योजनाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ राजीव कुमार रंजन ने कहा कि दीपक राज का अनुभव और विभिन्न सामाजिक संगठनों में उनकी भूमिका संस्थान के वैश्विक मिशन को आगे बढ़ाने में अहम साबित होगी। उन्होंने अलग-अलग लोगों को एक साझा उद्देश्य से जोड़ने की अपनी क्षमता पहले ही साबित की है। दीपक राज ने कहा कि आईआईटी कानपुर ने उनके पेशेवर जीवन की मजबूत नींव रखी है और वे वैश्विक पूर्व छात्र समुदाय को जोड़ते हुए संस्थान की भविष्य दृष्टि को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे न्यू जर्सी स्थित निजी निवेश फर्म राज एसोसिएट्स के प्रबंध निदेशक हैं और न्यू जर्सी स्टेट इन्वेस्टमेंट काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। आईआईटी कानपुर फाउंडेशन एक अमेरिका-स्थित गैर-लाभकारी संस्था है, जो संस्थान के लिए फंडिंग, अनुसंधान और छात्रवृत्ति जैसी परियोजनाओं में सहयोग प्रदान करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story