आईआईटी कानपुर और आगरा विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा समझौता, छात्रों को मिलेगा लाभ
कानपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। साइबर सुरक्षा शिक्षा को बड़े स्तर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के सी3आईहब ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा और विवेकानंद इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के साथ त्रिपक्षीय समझौता किया है। इसके तहत विश्वविद्यालय से संबद्ध 570 से अधिक कॉलेजों के तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों के लिए हिंदी में ऑनलाइन व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।
पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी के साथ व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना है। इसे विशेष रूप से अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि भाषा तकनीकी शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने। समझौते पर आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के प्रोफेसर, सी3आईहब के कार्यक्रम निदेशक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र बसवाना, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी एवं विवेकानंद इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. संजय चौधरी तथा विश्वविद्यालय कंप्यूटर केंद्र के निदेशक प्रो. अनिल गुप्ता ने हस्ताक्षर किए।
इस सहयोग के तहत सी3आईहब अपने शोध और प्रशिक्षण अनुभव के आधार पर पाठ्यक्रम तैयार कर उसका संचालन करेगा। विवेकानंद इन्क्यूबेशन फाउंडेशन कार्यक्रम के व्यापक संचालन के लिए प्रशासनिक और तकनीकी सहयोग देगा। विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा परामर्श केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जो साइबर अपराध से बचाव, जागरूकता और विद्यार्थियों को सहायता देने का काम करेगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो. आशु रानी ने मंगलवार को कहा कि 570 से अधिक संबद्ध कॉलेजों में लाखों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, इसलिए उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है। साइबर सुरक्षा केवल इंजीनियरों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी जीवन कौशल बन चुकी है। आईआईटी कानपुर के सी3आईहब और विवेकानंद इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को उनकी अपनी भाषा में बड़े स्तर पर साइबर सुरक्षा की शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
समझौता हस्ताक्षर समारोह में आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल समेत कई अतिथि मौजूद रहे। कुलपति प्रो. आशु रानी ऑनलाइन माध्यम से समारोह में शामिल हुईं। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति एवं एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

