आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार


कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ को शिक्षण, शोध और संस्थान के विकास में योगदान के लिए शनिवार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस वर्ष देशभर के 21 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार दिया गया।

प्रोफेसर रथ वर्ष 2004 से आईआईटी कानपुर से जुड़े हैं और 2014 से रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनका शोध प्रोटीन में मौजूद लौह युक्त केंद्रों पर केंद्रित है, जो कोशिकाओं में ऑक्सीजन के उपयोग, ऊर्जा उत्पादन और जीवन से जुड़ी रासायनिक प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रोफेसर रथ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की शोध पत्रिकाओं में 165 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके मार्गदर्शन में 27 पीएचडी शोधार्थियों, 40 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और 25 पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकर्ताओं ने अपना शोध पूरा किया है।

शिक्षण के क्षेत्र में उन्होंने आईआईटी कानपुर में स्नातक विद्यार्थियों के लिए ‘इनऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स, मैटेरियल्स एंड मेडिसिन’ वैकल्पिक पाठ्यक्रम विकसित किया है। इसके माध्यम से रसायन विज्ञान के दैनिक जीवन और मानव शरीर की विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंध को समझाया जाता है। उन्होंने आईआईटी के प्रिपरेटरी कोर्स में भी शिक्षण कार्य किया है, जिसका उद्देश्य वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव मजबूत करना है।

सम्मान मिलने पर प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार उनके लिए बड़ा सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि को अपने शिक्षकों, मार्गदर्शकों, सहकर्मियों, आईआईटी कानपुर और विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा और प्रश्नों ने उन्हें बेहतर शिक्षक बनने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने शिक्षण में नए प्रयोग जारी रखने और गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात कही।

प्रोफेसर रथ को इससे पहले जर्मनी की अलेक्जेंडर वॉन हम्बोल्ट रिसर्च फेलोशिप, जापान की जेएसपीएस इन्विटेशनल फेलोशिप, केमिकल रिसर्च सोसाइटी ऑफ इंडिया के ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल, सीएनआर राव राष्ट्रीय रसायन विज्ञान पुरस्कार और एसईआरबी-स्टार पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।

वे आईआईटी कानपुर में विभिन्न चेयर प्रोफेसरशिप की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्हें इंडियन नेशनल साइंस अकादमी, इंडियन एकेडमी ऑफ साइंसेज और नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया का फेलो चुना जा चुका है। वर्तमान में वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की जे.सी. बोस राष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित हैं।

प्रो शंकर रथ प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैं इस सम्मान के लिए स्वयं को अत्यंत गौरवान्वित और आभारी महसूस करता हूं। मैं इसे केवल अपनी उपलब्धि नहीं मानता, बल्कि इसे अपने शिक्षकों, मार्गदर्शकों, सहकर्मियों, आईआईटी कानपुर और सबसे बढ़कर अपने उन सभी विद्यार्थियों के साथ साझा करता हूं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story