डीएम ने 12 अधिकारियों का एक दिन का वेतन राेकने के दिए निर्देश
बाराबंकी, 19 अगस्त (हि.स.)। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतना अधिकारियों को भारी पड़ा। लंबित संदर्भों की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने और आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता न दिखाने पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने 12 अधिकारियों का एक दिवस का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने काे कहा है।
शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण किया जाना है। जिलाधिकारी की ओर से अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निस्तारण के निर्देश लगातार दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद समीक्षा में लंबित संदर्भ और बैठक से संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।
जिलाधिकारी के आदेश पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन, खंड शिक्षा अधिकारी हैदरगढ़, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक त्रिवेदीगंज, खंड शिक्षा अधिकारी मसौली, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक दरियाबाद, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सिरौली गौसपुर, अधिशासी अधिकारी रामनगर, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) बैंक, खंड शिक्षा अधिकारी देवा, अधिशासी अधिकारी बेलहरा तथा प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक बनीकोडर का एक दिवस का वेतन बाधित किया है।
आईजीआरएस प्रकरणों में लापरवाही पर जिला प्रशासन की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 11 अगस्त को 59 डिफाल्टर संदर्भों के मामले में 12 अधिकारियों का एक दिवस का वेतन बाधित किया गया था। अब फिर 12 अधिकारियों पर कार्रवाई के बाद आईजीआरएस के निस्तारण में लापरवाही के मामले में कुल 24 अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आईजीआरएस संदर्भों के निस्तारण में शिथिलता, अनावश्यक विलंब या समीक्षा व्यवस्था के प्रति उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

