लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी ने सीतापुर के कमलापुर थाने का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी ने सीतापुर के कमलापुर थाने का किया निरीक्षण


लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी ने सीतापुर के कमलापुर थाने का किया निरीक्षण


सीतापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस. मंगलवार को सीतापुर जिले के थाना कमलापुर का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अभिलेखों के रख-रखाव, पोर्टलों पर डाटा फीडिंग और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

आईजी ने थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर एवं फ्लाई शीट सहित विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण कर प्रविष्टियों की गुणवत्ता परखी। इसके अलावा साइबर सेल, कंप्यूटर कक्ष, बैरक और भोजनालय की साफ-सफाई की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने यक्ष एप व अन्य पोर्टलों पर डाटा फीडिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

‘मिशन शक्ति’ केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टाफ को महिलाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ शत-प्रतिशत फीडबैक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजी ने बीट पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए सघन गश्त, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और जनता के बीच ‘पुलिस मित्र’ के रूप में कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने बीट सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए भी मार्गदर्शन दिया।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सिधौली कपूर कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story