7 दिन में नहीं बताई दवा की खरीद-बिक्री की कीमत तो लाइसेंस होगा निरस्त
हॉस्पिटल फार्मेसियों पर एफएसडीए की सख्ती: 64 जनपदों की 381 फार्मेसियों की जांच में अधिकांश ने नहीं बनाई वेबसाइट, आदेश का अनुपालन नहीं
औषधि निरीक्षकों ने थमाया सख्त नोटिस, सात दिन में वेबसाइट का यूआरएल न देने पर बिक्री पर रोक
मरीजों के हित में 1 अक्टूबर के आदेश का अनुपालन कराने को चला विशेष अभियान, दवाओं की खरीद-बिक्री कीमत वेबसाइट पर सार्वजनिक करना अनिवार्य
लखनऊ, 26 नवंबर। अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं की खरीद में पारदर्शिता दिलाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान में प्रदेश के 64 जनपदों की 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में आयुक्त, एफएसडीए के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश का अनुपालन नहीं मिला। जांच के दौरान फार्मेसियों की वेबसाइट का यूआरएल भी नहीं मिला, जबकि आदेश के तहत इसे काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इस पर औषधि निरीक्षकों ने संबंधित फार्मेसियों को सख्त निर्देश के साथ नोटिस जारी किया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित हॉस्पिटल फार्मेसियों को औषधि निरीक्षक को दवाओं की खरीद और बिक्री की कीमत की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। ऐसा न करने पर संबंधित फार्मेसी का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
नोटिस में दिए गए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिन फार्मेसियों ने 1 अक्टूबर के आदेश का पालन नहीं किया था, उन्हें औषधि निरीक्षकों ने मौके पर ही सख्त नोटिस थमाया। इसमें साफ कहा गया है कि निरीक्षण में पाया गया कि आदेश का पालन नहीं हुआ है। इसलिए फार्मेसी संचालकों को सात दिन के भीतर वे सभी दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध करानी होंगी, जो आयुक्त के आदेश में बताए गए प्रारूप में मांगी गई हैं। निर्देश में चेतावनी भी दी गई है कि अगर तय समय में जानकारी नहीं दी गई तो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के तहत संबंधित फार्मेसी में दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी जाएगी। यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक आदेश का पूरा पालन नहीं हो जाता।
4 दिसंबर तक चलेगा अभियान
यह विशेष अभियान 4 दिसंबर 2026 तक चलेगा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों में संचालित सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण करें। अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में दवाओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करना और मरीजों को यह जानकारी उपलब्ध कराना है कि फार्मेसी दवाएं किस कीमत पर खरीद रही है और मरीजों को किस कीमत पर बेच रही है।
कीमत या मुनाफे पर नियंत्रण नहीं, जानकारी सार्वजनिक कराना है उद्देश्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का मकसद दवाओं की कीमत तय करना या अस्पताल फार्मेसियों के मार्जिन पर कोई सीमा लगाना नहीं है। व्यवस्था पूरी तरह सेल्फ-डिस्क्लोजर यानी स्व-प्रकटीकरण पर आधारित है, ताकि मरीज और उनके परिजन दवाओं के वास्तविक खरीद मूल्य और बिक्री मूल्य को समझकर सोच-समझकर निर्णय ले सकें। विभाग का फोकस विशेष रूप से उन अस्पताल फार्मेसियों पर है, जहां भर्ती मरीजों के पास दवाएं खरीदने का व्यावहारिक विकल्प सीमित या उपलब्ध नहीं होता।
1 अक्टूबर के आदेश में तय की गई थी पारदर्शिता की व्यवस्था
आयुक्त, एफएसडीए की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का उल्लेख करते हुए कहा गया था कि प्रत्येक रिटेलर और डीलर को निर्माता या आयातक की ओर से उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची अपने कारोबार स्थल पर ऐसी प्रमुख जगह पर प्रदर्शित करनी होगी, जहां कोई भी इच्छुक व्यक्ति उसे आसानी से देख सके।
इसके तहत सभी फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करनी थी, जिस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया। साथ ही नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी सार्वजनिक करना होगा। वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करना और उसका यूआरएल काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना भी अनिवार्य किया गया है। ग्राहकों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी हैं। निरीक्षण के दौरान यही यूआरएल फार्मेसियों में नहीं मिला।
दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) सार्वजनिक करने का विशेष प्रावधान अस्पताल परिसर में संचालित, या अस्पताल के इन-पेशेंट मरीजों के लिए संचालित उन फार्मेसियों पर लागू है, जहां मरीजों के पास दवाएं और मेडिकल डिवाइस खरीदने का व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध नहीं होता।
खरीद मूल्य और एमआरपी में असामान्य अंतर पर विभाग की नजर
एफएसडीए की पूर्व की प्रवर्तन कार्रवाइयों में सामने आया था कि कुछ दवाएं निर्माता, मार्केटर और स्टॉकिस्ट की ओर से अस्पताल फार्मेसियों को एमआरपी से काफी कम कीमत पर दी जा रही हैं, लेकिन इस छूट का लाभ मरीजों तक पहुंचने की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। कुछ मामलों में दवाओं की एमआरपी खरीद मूल्य से कई गुना अधिक पाई गई। अलग-अलग खरीदारों के लिए एक ही दवा की एमआरपी और मूल्य विवरण में असामान्य अंतर होने पर दवा की गुणवत्ता और प्रामाणिकता पर भी सवाल उठते हैं, इसलिए संदिग्ध या नकली दवाओं की आशंका की जांच भी जरूरी हो जाती है। विभाग का मानना है कि मूल्य संबंधी जानकारी सार्वजनिक होने से ऐसी विसंगतियों की पहचान में मदद मिलेगी और मरीजों के आर्थिक हितों के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं प्रामाणिक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।

