आईएएस अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने बागपत जिले के 32वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला

WhatsApp Channel Join Now
आईएएस अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने बागपत जिले के 32वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला


बागपत, 23 सितंबर (हि.स.)। बागपत जनपद में 2017 बैच के आईएएस अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार में पहुंचकर जिले के 32वें जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया है। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ संकेत दे दिए कि उनकी प्राथमिकता सीधे तौर पर शासन की नीतियों को जमीन पर उतारने और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगी।

दिव्यांशु पटेल इससे पहले मुरादाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर तैनात थे। इसके अलावा वे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में विशेष सचिव एवं अपर आयुक्त, उन्नाव में मुख्य विकास अधिकारी और बाराबंकी में सहायक मजिस्ट्रेट जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव के साथ वे अब बागपत में नई कार्य संस्कृति लागू करने के मूड में दिख रहे हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे। साथ ही तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देकर प्रशासन को और पारदर्शी व जवाबदेह बनाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संकेत दिए कि जिले में औद्योगिक विकास को भी गति दी जाएगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर काम करने और जनभागीदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों से परिचय भी प्राप्त किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय, एडीएम न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडे, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह और वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story