उत्तर प्रदेश से करूंगी राजनीति की शुरूआत, किसी दल के साथ नहीं : दिव्या मित्तल

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश से करूंगी राजनीति की शुरूआत, किसी दल के साथ नहीं : दिव्या मित्तल


लखनऊ, 29 सितंबर (हि.स.)। पूर्व आईएएस अफसर दिव्या मित्तल ने राजनीति में जाने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को एक वीडियो सोशल मीडिया में साझा कर यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह अपनी राजनीति की शुरूआत उत्तर प्रदेश से करेंगी, लेकिन किसी दल के साथ नहीं।

दिव्या मित्तल ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले मैंने आईएएस पद से त्याग पत्र देकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल छोड़ दिए। कुछ दिनों तक जवाब नहीं दिया, क्योंकि काम बड़ा था और मैं हौसला जुटा रही थी। आज उन सभी सवालों के जवाब देने के लिए यह वीडियो साझा कर रही है। उन्होंने कहा कि मुझे उन लोगों की आवाज बनना है, जिसकी आवाज किसी सरकारी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाती है। अगर पहुंच जाए तो सुनी नहीं जाती। ऐसे लोगों की तरफ से मुझे अपने देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब चाहिए। कई सवालों के जवाब ढूंढने के लिए वह राजनीति करेंगी, लेकिन किसी झंडे के नीचे खड़े होकर हिसाब नहीं मांगा जा सकता है, इसलिए वह किसी दल के साथ राजनीति नहीं करेंगी, बल्कि लोगों के साथ आगे बढ़ेंगी।

दिव्या मित्तल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत में लोगों से साथ आने की अपील की है। इसे लेकर उन्होंने अपना व्हाटसअप नंबर 9198956957 पर मैसेज करके साथ जुड़ने की बात कही है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि एक दिन ऐसा आएगा जब कोई आदमी अपने कागज अपनी पन्नी में लपेटकर सरकारी कार्यालय जाएगा और बिना सिफारिश के उसकी सुनवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story