प्रेमिका के परिजनों की धमकियों से आहत युवक ने लगाई फांसी

WhatsApp Channel Join Now
प्रेमिका के परिजनों की धमकियों से आहत युवक ने लगाई फांसी


कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। अरौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेमिका के परिजनों की धमकी से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर दीनू, छोटे भइया और आदिल को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

रौगांव निवासी चंदू (25) केरल में नौकरी करता था। वह कुछ दिन पहले ही होली की छुट्टियों में घर आया था। परिजनों के मुताबिक, चंदू का गांव के ही एक परिवार की रिश्तेदारी नसिरापुर गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते से सहमत नहीं थे और शादी के लिए तैयार नहीं थे। इससे आहत होकर चंदू ने घर में पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

आत्महत्या से पहले चंदू ने 54 सेकंड का एक वीडियो भी बनाया। वीडियो में उसने कहा कि इस घटना में उसके घरवालों का कोई हाथ नहीं है। उसकी मौत के जिम्मेदार छोटे भईया, दीनू और आदिल हैं।

चंदू ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसे धमकी दी थी कि उसे जान से मरवा देंगे और पूरे परिवार को फंसा देंगे, जबकि वह और युवती दोनों शादी करना चाहते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस मौके से मिले वीडियो की भी जांच कर रही है।

अरौल थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story