प्रेमी की बेवफाई से आहत युवती मोबाइल फोन टावर पर चढ़ी
नोएडा, 16 मई (हि.स.)। प्रेमी की बेवफाई से आहत एक युवती शनिवार दोपहर सेक्टर 62 स्थित मोबाइल फोन के टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने उसे समझा -बूझाकर नीचे उतारा।
थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मामूरा गांव में रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती आज सुबह सेक्टर 62 स्थित एक मोबाइल फोन के टावर पर चढ़ गई। वह आत्महत्या की धमकी दे रही थी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उससे बातचीत की तो युवती ने बताया कि दिल्ली के रहने वाले एक युवक ने उसे प्रेम में धोखा दिया है। उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाया। अब वह शादी नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि युवती को समझा-बूझाकर नीचे उतारा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

