हमीरपुर की मंडी में बारिश से सैकडों कुंतल गेहूं हुआ जलमग्न

WhatsApp Channel Join Now
हमीरपुर की मंडी में बारिश से सैकडों कुंतल गेहूं हुआ जलमग्न


मंडी में खुले आसमान के नीचे रखा गेंहू भींगने से किसानों ने सचिव से की अभद्रता

हमीरपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम टेढ़ा गल्ला मंडी में गुरुवार को बारिश से खुले आसमान के नीचे गेहूं के भीगने से आक्रोशित किसानों ने खरीद केंद्र प्रभारी के साथ अभद्रता की। जिस पर उसने मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित किसानों ने भी तहरीर देने की बात कही है।

किसानों का कहना है कि लगभग एक माह से खुले आसमान की नीचे टेढ़ा गल्ला मंडी के अंदर के खरीद लिए गेहूं पड़ा हुआ है। लेकिन केंद्र प्रभारी द्वारा चहेतों का ही गेहूं तौला जा रहा है। बृहस्पतिवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानों का गेहूं भीग गया। जिसे देखकर किसानों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। किसानों ने क्रमवार तौल न कराने का आरोप लगाकर सचिव अनिल गुप्ता के साथ अभद्रता कर मारपीट कर दी। इस पर सचिव थाने पहुंचकर किसानों के खिलाफ तहरीर सौंपी है। पुलिस ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। वहीं किसानों का कहना है कि सचिव के आरोप निराधार हैं। सचिव ही किसानों के साथ तौल कराने में भेदभाव कर रहा है। इससे किसानों में आक्रोश पर पनप रहा है। सचिव ने बताया कि किसानों ने उनके साथ अभद्रता की है। जिसकी तहरीर थाने में दी गई है। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि सचिव की तहरीर पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story