जौनपुर : हाईकोर्ट के आदेश के विरोध में सैकड़ों अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : हाईकोर्ट के आदेश के विरोध में सैकड़ों अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन


जौनपुर,21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के आह्वान पर शुक्रवार को सैकड़ों अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय के एक आदेश के विरोध में न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए भ्रमण किया और नारेबाजी कर आदेश के प्रति नाराजगी जताई।

प्रदर्शन से पूर्व कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सभागार में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन संयुक्त मंत्री हीरामणि यादव एडवोकेट ने किया। बैठक में अधिवक्ता राम आसरे दूबे और अरुण कुमार श्रीवास्तव ने अपने विचार रखे।

पूर्व महामंत्री ओम प्रकाश सिंह एडवोकेट, आनंद कुमार मिश्र एडवोकेट, उमाशंकर तिवारी, राम आसरे यादव और यशवंत यादव समेत अन्य अधिवक्ताओं ने भी अपनी बात रखी।

अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट और बार काउंसिल द्वारा हड़ताल पर रोक लगाने के साथ ही बढ़ती महंगाई समेत विभिन्न मुद्दों पर चिंता व्यक्त की।बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि सभी अधिवक्ता पूर्ण रूप से न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। प्रस्ताव की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, चकबंदी न्यायालय कटारा, जौनपुर, उपभोक्ता फोरम जौनपुर समेत जिले के सभी संबंधित न्यायालयों को सूचनार्थ भेजने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण न्यायालयों में अधिवक्ताओं की उपस्थिति नहीं रही।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story