बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं : अमित कुमार घोष

WhatsApp Channel Join Now
बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं : अमित कुमार घोष


चार लाख से अधिक किशोरियों को मिला सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच

लखनऊ, 24 जुलाई (हि.स.)। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने कहा कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण एक अत्यंत महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रांतियों या अफवाहों पर ध्यान न दें।

उन्होंने शुक्रवार काे बताया कि उत्तर प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मार्च 2026 में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 14–15 वर्ष आयु वर्ग की चार लाख से अधिक किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। यह उपलब्धि प्रदेश सरकार की बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, कैंसर की रोकथाम और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि चार लाख से अधिक बालिकाओं तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित होना प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में 24 लाख पात्र किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक चार लाख से अधिक किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अंबेडकर नगर ने 18,499 किशोरियों का टीकाकरण कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके बाद बरेली में 15,075, हाथरस में 14,337, सिद्धार्थनगर में 13,741 तथा सुल्तानपुर में 13,564 किशोरियों का टीकाकरण किया गया है। इन जनपदों का उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जिन जनपदों में टीकाकरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष रणनीति के तहत अभियान को और गति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस बीमारी से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। प्रदेश में पात्र किशोरियों के लिए यह टीका जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों सहित नियमित टीकाकरण के सभी मंचों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story