मेट्रो निर्माण के दौरान कंपन से मकानों में आईं दरारें, विधायक ने तत्काल मरम्मत के दिये निर्देश
कानपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। क्षेत्रीय नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन मकानों में नुकसान हुआ है उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए और निर्माण कार्य के दौरान कंपन की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। यह बातें शुक्रवार को गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।
डबल पुलिया से विजयनगर चौराहे तक स्थित लेबर कॉलोनी में मेट्रो के भूमिगत निर्माण कार्य के दौरान गार्डर निकालने से उत्पन्न कंपन के कारण कई मकानों की दीवारों में दरारें आने की शिकायत पर गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने आज मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मेट्रो अधिकारियों, अभियंताओं और तकनीकी टीम के साथ प्रभावित घरों का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत की।
इस दौरान विधायक ने मेट्रो अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मकानों में दरारें आई हैं उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। मरम्मत के साथ पुताई और फिनिशिंग का कार्य भी पूरा कराया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि गार्डर निकालने के दौरान वाइब्रो हैमर मशीन का संचालन कर रहे ऑपरेटर की लापरवाही के कारण अपेक्षा से अधिक कंपन दर्ज हुई थी, जिससे कुछ मकानों में हल्की दरारें आ गईं। अधिकारियों के अनुसार संबंधित ऑपरेटर को हटाकर अनुभवी ऑपरेटर को तैनात कर दिया गया है तथा कंपन की निगरानी के लिए वाइब्रेशन मीटर भी लगाया गया है।
विधायक के निर्देश पर मौके पर दोबारा मशीन चलाकर परीक्षण किया गया। इस दौरान वाइब्रेशन मीटर में अधिकतम 1.22 स्तर की कंपन दर्ज हुई। मेट्रो अधिकारियों ने इसे सुरक्षित सीमा के भीतर बताते हुए आश्वासन दिया कि आगे निर्माण कार्य वरिष्ठ अभियंताओं की निगरानी में कराया जाएगा और कंपन का स्तर लगातार नियंत्रित रखा जाएगा।
विधायक मैथानी ने निर्देश दिए कि वाइब्रो हैमर मशीन और वाइब्रेशन मीटर पर तकनीकी कर्मचारी लगातार निगरानी रखें तथा कंपन का रिकॉर्ड मिनट-दर-मिनट दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में लापरवाही के कारण कोई अप्रिय घटना हुई तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर निर्माण कार्य भी रुकवाया जाएगा।
विधायक ने स्थानीय निगरानी के लिए तीन सदस्यीय टीम भी गठित की। इसमें मंडल उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश गुप्ता और अशोक दीक्षित को शामिल किया गया। टीम को मेट्रो अधिकारियों और वरिष्ठ अभियंताओं के साथ समन्वय बनाकर निर्माण कार्य के दौरान कंपन की निगरानी करने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना देने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि कंपन का स्तर निर्धारित सीमा से अधिक न होने पाए और इसकी प्रतिदिन रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर वह स्वयं भी किसी भी समय मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक अजहर सरताज, परियोजना निदेशक कल्पतरु, पंकज शर्मा, उप मुख्य अभियंता आदर्श सिंह, अधिशासी अभियंता अभिनव पटेल, उप परियोजना प्रबंधक वरुण सैनी, अतिरिक्त प्रमुख राकेश जुवाल सहित मेट्रो के अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

