खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास का है प्रतीक : ज्ञान प्रकाश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास का है प्रतीक : ज्ञान प्रकाश सिंह


जौनपुर,12 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के धर्मापुर ब्लॉक के गजना गांव निवासी युवा पहलवान सौरभ यादव ने थाईलैंड में आयोजित जूनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप (अंडर-20) में रजत पदक जीतकर जौनपुर जिले के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने रविवार काे सौरभ यादव और उनके कोच अशोक सोनकर का सम्मान किया।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि सौरभ यादव की सफलता जौनपुर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जब कबीरुद्दीनपुर स्थित ज्ञान कुश्ती केंद्र के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए मैट उपलब्ध कराया गया था, तब खिलाड़ियों से केवल एक संकल्प लिया गया था कि वे अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर जौनपुर का नाम राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे। सौरभ यादव ने अपनी शानदार उपलब्धि से उस संकल्प को साकार कर दिखाया है।उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है। सौरभ की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण प्रतिभाओं को यदि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलें, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।ज्ञान प्रकाश सिंह ने विश्वास जताया कि सौरभ यादव भविष्य में भी देश के लिए स्वर्णिम उपलब्धियां हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता जौनपुर के युवाओं के लिए प्रेरणा है और इससे जिले में कुश्ती सहित अन्य खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। समारोह में मौजूद लोगों ने सौरभ यादव और उनके कोच को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story