बहनों का प्यार और भरोसा जीवनभर निभाऊंगा : अजय कपूर

WhatsApp Channel Join Now
बहनों का प्यार और भरोसा जीवनभर निभाऊंगा : अजय कपूर


कानपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। जो प्यार और आशीर्वाद मेरी बहनों ने मुझे दिया है, उससे मेरी आंखें भर आई हैं। यह सिर्फ राखी नहीं, आपका विश्वास और भरोसा है। यह बातें शुक्रवार को पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कपूर ने कहीं।

बहन फाउंडेशन के नौ दिवसीय राखी महोत्सव के चौथे दिन शुक्रवार को गोविंद नगर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1350 बहनों ने पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कपूर की कलाई पर राखी बांधी और उनसे जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया।

महोत्सव में बॉलीवुड कई धारावाहिकों में कई अहम किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल भी शामिल हुईं। उन्होंने बहनों के बीच जाकर उनसे मुलाकात की और सेल्फी ली। दीपशिखा नागपाल ने कहा कि मुंबई के बड़े आयोजनों में जाने के बावजूद यहां जैसा अपनापन और सच्चा प्यार महसूस हुआ, वह अलग अनुभव है। इतनी बड़ी संख्या में बहनों का एक भाई के प्रति प्रेम रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है।

कार्यक्रम में शिव नगर गोविंद नगर, सेवाग्राम कॉलोनी दादा नगर, कच्ची बस्ती गोविंद नगर, हंसपुरम नौबस्ता, शास्त्री नगर, राम आसरे नगर गोविंद नगर, जूही लाल कॉलोनी, गुजैनी, गुंजन विहार कर्रही और जूही धोबी तालाब समेत कई क्षेत्रों से बहनें पहुंचीं। उन्होंने अजय कपूर को राखी बांधी और उनके दीर्घायु होने की कामना की।

अजय कपूर ने कहा कि बहन फाउंडेशन सिर्फ संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है। रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और भारतीय संस्कृति की आत्मा को दर्शाने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि बहनों ने उन्हें इतना बड़ा परिवार दिया है, इसके लिए वह जीवनभर ऋणी रहेंगे।

प्रजापति ब्रह्माकुमारी आश्रम से आई बहनों ने भी अजय कपूर को राखी बांधी। मंगलामुखी मन्नत मां ने भी उन्हें राखी बांधी। कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन के गीतों और भाई-बहन के स्नेह से माहौल भावुक रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story