श्रमिक ही वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की आधारशिला, पराग फैक्ट्री में हुआ सम्मान
- दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने चक गंजरिया प्लांट का किया निरीक्षण
- गुणवत्ता और मार्केटिंग सुधारने के निर्देश, अनियमितता बर्दाश्त नहीं
लखनऊ, 01 मई (हि.स.)। अंतररराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चक गंजरिया स्थित पराग फैक्ट्री में श्रमिकों का सम्मान किया गया। इस मौके पर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की मजबूत नींव हमारे श्रमिक हैं। उनके बिना किसी भी अर्थव्यवस्था की प्रगति संभव नहीं है।
उन्होंने फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। मंत्री ने कहा कि पराग परिवार की तरह कार्य करते हुए प्रेम, सद्भाव और उत्साह से उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक और दुग्ध विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम से ही उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि संभव हो रही है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग और श्रमिकों के कौशल विकास पर जोर देते हुए उन्होंने दुग्ध उत्पादन को और बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
मंत्री ने पराग प्लांट का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि सभी दुग्ध संयंत्रों को पूरी क्षमता और पेशेवर ढंग से संचालित किया जाए। पराग उत्पादों की मार्केटिंग को मजबूत करने, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने और नए उत्पाद जल्द बाजार में लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दूध में मिलावट या किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं और उनके बिना उत्पादन व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती। विभाग श्रमिकों के कौशल विकास और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। पराग के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव ने भी श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद और बृजलाल यादव सहित कई श्रमिकों को सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश

