बीस मई तक मानदेय नहीं मिला तो 21 से ठप होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now
बीस मई तक मानदेय नहीं मिला तो 21 से ठप होंगी स्वास्थ्य सेवाएं


मुरादाबाद, 13 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा (एनएचएम) कर्मचारियों ने बकाया मानदेय को लेकर आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ ने बुधवार शाम को बैठक करके चेतावनी दी है कि यदि 20 मई तक मार्च और अप्रैल माह का लम्बित मानदेय जारी नहीं किया गया तो 21 मई से पूरे प्रदेश में नो पे-नो वर्क के तहत कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह ने कहा कि संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, लेकिन उनके साथ लगातार उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। वहीं जिला महामंत्री विपिन भट्ट ने आरोप लगाया कि दो माह से वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक एनएचएम के संविदा कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया, संकट गहरा गया है।

बच्चों की फीस, किताबों और घरेलू खर्चों के लिए कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है। इस लेकर संघ ने मंगलवार को डिप्टी सीएमओ और एनएचएम के प्रभारी डॉ. विकास सिंह को ज्ञापन भी सौंपा। संगठन का कहना है कि शासन और प्रशासन की उदासीनता के चलते अब कर्मचारियों के पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। यदि तय समय तक भुगतान नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में संघ के जिलाध्यक्ष अजीजुर्रहीम, डॉ. जगवीर सिंह, निर्मल प्रताप सिंघल, अमित गुप्ता, सुषमा बडोला समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story