रायबरेली : होमगार्ड भर्ती परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की तबियत बिगड़ी, कई बेहोश

WhatsApp Channel Join Now
रायबरेली : होमगार्ड भर्ती परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की तबियत बिगड़ी, कई बेहोश


रायबरेली : होमगार्ड भर्ती परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की तबियत बिगड़ी, कई बेहोश


रायबरेली,21सितम्बर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में महिला होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में सोमवार को कई महिला अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दौड़ के दौरान चक्कर आने से कुछ अभ्यर्थी मैदान में बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां सभी की हालत में सुधार है।

रायबरेली शहर में 25वीं वाहिनी पीएसी परिसर में महिला होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। सोमवार को कुल 1050 अभ्यर्थियों की दौड़ होनी थी। उल्लेखनीय है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत महिला अभ्यर्थियों को निर्धारित 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी रहती है लेकिन तेज धूप और उमस के बीच कई महिला अभ्यर्थियों के चक्कर आने से मैदान पर ही गिर पड़ी और कुछ बेहोश भी हो गईं। मौके पर मौजूद कर्मियों और स्वास्थ्य टीम ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जांच के बाद चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालात में सुधार है व उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। बीमार होने वाली 12 अभ्यर्थियों में सुनीता देवी, सपना, अर्पिता देवी, कंचन, आंचल,पूर्णिमा आदि हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार शारीरिक परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने की घटनाओं के बाद स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क रखा गया है। अभ्यर्थियों को दौड़ से पहले पर्याप्त पानी पीने और अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story