यूपी के रायबरेली में लगातार बारिश के बीच मकान ढहा, वृद्ध की मौत

WhatsApp Channel Join Now
यूपी के रायबरेली में लगातार बारिश के बीच मकान ढहा, वृद्ध की मौत


रायबरेली, 02 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में हो रही लगातार बारिश के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में दर्जनों मकान ढह गए हैं। मंगलवार देर रात एक अन्य मकान के गिरने से वृद्ध की मौत हो गई है। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।

ज़िले के चंदापुर थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में मंगलवार को रात भर जारी बारिश में एक घर की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। उसकी चपेट में आने से 85 वर्षीय वृद्ध रघुनाथ की मौत हो गई। स्वजनों के अनुसार रात को भोजन करने के बाद रघुनाथ घर में सो रहे थे। रात करीब एक बजे अचानक उनके मकान की कच्ची दीवार ढह गई और वे मलबे के नीचे दब गए। जोर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े।

ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद तुरंत मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला और आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story