होली पर मुरादाबाद से होकर गुजरेंगी चार स्पेशल ट्रेन
मुरादाबाद, 19 फरवरी (हि.स.)। 12 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा के बाद रेलवे ने होली पर चार और स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जो मुरादाबाद होकर गुजरेंगी। यह ट्रेनें गुजरात से पूर्वांचल और उत्तराखंड के लिए चलेंगी। यात्री जनरल टिकट लेकर भी इनमें सफर कर सकेंगे। मंडल में मुरादाबाद, बरेली, ऋषिकेश आदि स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव होगा।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि ट्रेन 04829-04830 जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस जोधपुर से पांच से 26 मार्च तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी। वापसी में गोरखपुर से 27 मार्च तक हर शुक्रवार को चलेगी। रास्ते में दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या आदि स्टेशनों पर रुकेगी। 04731-04732) श्रीगंगानगर-समस्तीपुर एक्सप्रेस एक से 29 मार्च तक श्रीगंगानगर से प्रत्येक रविवार को चलेगी। वापसी में समस्तीपुर से 31 मार्च तक हर मंगलवार को चलेगी। मुरादाबाद स्टेशन पर सुबह 4:22 मुरादाबाद से गुजरेंगी। 04729-04730 श्रीगंगानगर-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस 26 फरवरी से छह मार्च तक हर बृहस्पतिवार को श्रीगंगानगर से चलेगी। वापसी में गोरखपुर से प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। मुरादाबाद में सुबह 4:22 बजे और वापसी में 8:25 बजे रुकेगी। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि इसी तरह (09609-09610) उदयपुर-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल एक्सप्रेस तीन से 31 मार्च तक हर मंगलवार को उदयपुर से चलेगी। वापसी में योगनगरी ऋषिकेश से हर बुधवार को चलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

