होली के दिन इमामबाड़े में तोड़फोड़, ताला तोड़कर घुसे अराजक तत्व

WhatsApp Channel Join Now
होली के दिन इमामबाड़े में तोड़फोड़, ताला तोड़कर घुसे अराजक तत्व


होली के दिन इमामबाड़े में तोड़फोड़, ताला तोड़कर घुसे अराजक तत्व


जौनपुर,04 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित भंडारी रेलवे स्टेशन के पीछे क़दम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़े में होली के दिन बुधवार देर शाम अराजक तत्वों द्वारा शिया समुदाय के इमामबाड़े में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि होली के कारण आसपास सन्नाटा होने का फायदा उठाते हुए कुछ अज्ञात लोगों ने इमामबाड़े के पीछे वाले गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। आरोप है कि अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।पंजतनी कमेटी के अध्यक्ष शाहिद मेंहदी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शहर कोतवाल वीपी सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ सदर देवेश कुमार और सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात फोरेंसिक टीम और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग इमामबाड़े पर एकत्र हो गए। जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना महफूजुल हसन खान, मौलाना सफदर हुसैन जैदी, मौलाना फैजले मुमताज और मौलाना मेराज हैदर खान सहित कई गणमान्य लोगों ने जिला प्रशासन से मिलकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।पंजतनी कमेटी की ओर से कोतवाली थाने में तहरीर दी गई है। एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।वहीं इस मामले में मौलाना सफदर हुसैन जैदी ने कहा कि अराजक तत्वों ने जनपद के गंगा जमुनी बिगड़ने के उद्देश्य से ये किया है जिला प्रशासन द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के जल्द पर्दाफाश का आश्वासन दिया गया है।साथ ही इमामबाड़े के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और पुलिस पिकेट लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story