जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर रुस्तम घायल, दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर रुस्तम घायल, दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे


जौनपुर, 07 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बरसठी और रामपुर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ बुधवार देर रात मुठभेड़ में शातिर हिस्ट्रीशीटर एवं लुटेरा रुस्तम घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस इसकी तलाश में दबिश दे रही है। रुस्तम पर जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव और रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ परियत तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आलमगंज की ओर से आ रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महमूदपुर बैरी पट्टी तिराहे पर घेराबंदी कर दी।

देर रात जैसे ही संदिग्ध बाइक मौके पर पहुंची, पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान बाइक चला रहा बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान रुस्तम पुत्र मुस्लिम निवासी सहाबुद्दीनपुर, थाना गौराबादशाहपुर जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 32 बोर का देशी तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story