जगन्नाथ रथयात्रा का 275वां वर्ष भव्यता के साथ मनाया जाएगा, 16 जुलाई को निकलेगी ऐतिहासिक रथयात्रा : प्रदीप गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
जगन्नाथ रथयात्रा का 275वां वर्ष भव्यता के साथ मनाया जाएगा, 16 जुलाई को निकलेगी ऐतिहासिक रथयात्रा : प्रदीप गुप्ता


जगन्नाथ रथयात्रा का 275वां वर्ष भव्यता के साथ मनाया जाएगा, 16 जुलाई को निकलेगी ऐतिहासिक रथयात्रा : प्रदीप गुप्ता


कानपुर, 14 जून (हि.स.)। अति प्राचीन परंपरा के अंतर्गत इस वर्ष बाई जी मंदिर प्रथम दिवस की श्री जगन्नाथ रथयात्रा अपने 275वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और 16 जुलाई को भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं, विभिन्न मंडलों और समितियों की सहभागिता से धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक स्वरूप में कार्यक्रम आयोजित होगा। यह बातें रविवार को श्री जगन्नाथ जी रथयात्रा प्रबंधक समिति (बाई जी मंदिर-प्रथम दिवस) के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कही।

रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज दि मॉल स्थित गीतांजलि गेस्ट हाउस में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथयात्रा के सफल और सुव्यवस्थित संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

समिति के अनुसार 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा जनरलगंज स्थित बाई जी मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा काहकोठी, नयागंज चौराहा, मारवाड़ी कॉलेज, हूलागंज, सुनराही देवी मंदिर रोड, मोतीमोहाल, तिलियाना, नागेश्वर मंदिर, नयागंज किराना एवं सराफा बाजार, जनरलगंज, मनीराम बगिया, गयाप्रसाद लेन, मूलगंज, टोपी बाजार और चौक सराफा होते हुए प्रयाग नारायण शिवाला पहुंचेगी। वहां कुछ समय विश्राम और पूजा-अर्चना के बाद रथ सरसैया घाट जाएगा, जहां आरती के उपरांत वापसी यात्रा प्रारंभ होगी।

वापसी के दौरान रथ चटाई मोहाल, कमला टावर, सिरकी मोहाल और लाठी मोहाल होते हुए पुनः जनरलगंज स्थित जगन्नाथ जी की गली पहुंचेगा, जहां यात्रा का समापन होगा। रजत जड़ित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा भक्तों को दर्शन देंगे।

समिति ने बताया कि लगभग 18 मंडल एवं समितियां रथयात्रा में शामिल होंगी। भगवान के विभिन्न स्वरूपों की झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्र, ध्वज-पताकाएं, बैंड-बाजा तथा बच्चों की आकर्षक झांकियां रथयात्रा का विशेष आकर्षण रहेंगी।

बैठक में अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, महामंत्री विवेक अग्निहोत्री, कोषाध्यक्ष निशांत शर्मा, उपाध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, प्रचार मंत्री शिवम ओमर सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत जितेंद्र दास और महंत कृष्ण दास के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

समिति ने बताया कि 26 जुलाई को दोपहर दो बजे नाना राव पार्क फूलबाग में महाप्रभु जगन्नाथ का महाप्रसाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा का श्रृंगार, भोग, आरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। साथ ही रथयात्रा में शामिल सभी 18 मंडलों, झांकियों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों तथा प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story