सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में कई अहम सवालों के जवाब नहीं दिए : एस. गुरुमूर्ति

WhatsApp Channel Join Now
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में कई अहम सवालों के जवाब नहीं दिए : एस. गुरुमूर्ति


कानपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के संस्थापक एवं मार्गदर्शक एस. गुरुमूर्ति ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसमें कई ऐसे मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है, जिन पर देश की जनता स्पष्टीकरण चाहती है। विवादित और कठिन सवालों का जवाब देने के लिए साहस की जरूरत होती है। ऐसा साहस महात्मा गांधी में दिखाई देता था।

गुरुवार को वीरेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में संबोधन के दौरान गुरुमूर्ति ने कहा कि किसी भी पुस्तक की सार्थकता तभी है, जब लेखक असहज करने वाले सवालों पर भी खुलकर अपनी बात रखे। उन्होंने राजीव गांधी के प्रधानमंत्री रहते हुए जिनेवा यात्रा, भारतीय सुरक्षा लेने से सोनिया गांधी के इनकार और राजीव गांधी की हत्या के दोषियों से जुड़े प्रसंग उठाए। उन्होंने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से इन मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

हिंदुत्व की व्याख्या करते हुए गुरुमूर्ति ने कहा कि इसे केवल किसी धर्म या भौगोलिक पहचान तक सीमित नहीं किया जा सकता। यह जीवन जीने का तरीका और पीढ़ियों से चली आ रही संस्कारों की परंपरा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की सेवा भावना और भारतीय परंपराओं को सामने लाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

नई पीढ़ी में संस्कारों की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा और आर्थिक प्रगति से मजबूत समाज नहीं बन सकता। इसके लिए बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। परिवार और विद्यालयों को बच्चों में माता-पिता, बुजुर्गों और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करनी चाहिए। आधुनिकता के साथ सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक संस्कारों को बनाए रखना भी आवश्यक है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783884 Articles

Share this story