भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला : गुणवंत सिंह कोठारी

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला : गुणवंत सिंह कोठारी


भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला : गुणवंत सिंह कोठारी


कानपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए 26 से 30 नवंबर तक बेनाझाबर स्थित ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ विचार गोष्ठियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भजन संध्या और सामाजिक संगठनों की सेवा गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी ने कहीं।

उन्होंने बताया कि आयोजन में देशभर के संत-महात्मा, शिक्षाविद, विचारक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। प्रतिदिन सुबह 10 से रात 10 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले का प्रमुख आकर्षण तिरुपति तिरुमला देवस्थानम का श्री वेंकटेश्वर धर्म प्रचार रथ होगा, जिसके माध्यम से भगवान वेंकटेश्वर की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक संदेश का प्रसार किया जाएगा। आयोजन में स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज, स्वामी ज्ञानानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महादेव, स्वामी मिथिलेश नंदिनी शरण, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

पांच दिवसीय आयोजन की शुरुआत 26 नवंबर को वृक्ष, गोवंश और तुलसी वंदन से होगी। पहले दिन विशिष्टजनों की संगोष्ठी, सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ, गंगा अवतरणम आरती और कवयित्री अनामिका जैन अंबर का काव्य पाठ होगा। 27 नवंबर को कन्या वंदन और श्रीमद्भगवद्गीता पर संगोष्ठी के साथ मेले का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर दत्तात्रेय होसबाले शामिल होंगे। शाम को भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या आयोजित होगी।

28 नवंबर को आचार्य वंदन कार्यक्रम में डॉ. सुधांशु त्रिवेदी मुख्य वक्ता रहेंगे। इसके बाद हिंदू समागम, विद्यालयों के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और हनुमान अंश फिल्म के कलाकारों के साथ संवाद होगा। दिन का समापन अखंड हनुमान चालीसा पाठ और अनन्या सिंह की भजन प्रस्तुति से होगा। 29 नवंबर को मातृ-पितृ वंदन और विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महादेव का सानिध्य मिलेगा। शाम को गुरुद्वारा बाबा नामदेव समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अंतिम दिन 30 नवंबर को परमवीर वंदन कार्यक्रम में स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज शामिल होंगे। दोपहर में पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन होगा।

मेले में विभिन्न सामाजिक और सेवा संगठनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, संस्कार, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा गंगा आरती, भजन संध्या, काव्य पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय परंपराओं से लोगों को जोड़ने का प्रयास होगा। आयोजन समिति ने कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से परिवार सहित मेले में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कार, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्वों से परिचित कराना है। प्रेस वार्ता में मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार लोहिया, सचिव अरविंद दीक्षित और संजीव दीक्षित मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story