हिंदू नववर्ष केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परम्परा एवं राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक : संकुंज बाला

WhatsApp Channel Join Now
हिंदू नववर्ष केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परम्परा एवं राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक : संकुंज बाला


मुरादाबाद, 29 मार्च (हि.स.)। राष्ट्र सेविका समिति, मुरादाबाद महानगर द्वारा हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को मुरादाबाद महानगर में भव्य शोभा यात्रा एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शोभायात्रा से पूर्व पंचायत भवन में विचार-विमर्श सत्र में मुख्य वक्ता राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका संकुंज बाला ने कहा कि हिंदू नववर्ष केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परम्परा एवं राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है।

उन्हाेंने मातृशक्ति को समाज की वास्तविक शक्ति बताते हुए कहा कि जब महिलाएं संगठित होती हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से आता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति एवं संस्कारों को अपनाते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी पंखुरी अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन एवं सांस्कृतिक जागरूकता को सुदृढ़ करते हैं तथा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

विचार-विमर्श सत्र के बाद भव्य शोभायात्रा का शुभारम्भ हुआ। शोभायात्रा पंचायत भवन से प्रारम्भ होकर जैन मंदिर, गुरहट्टी, टाउनहॉल होते हुए एसएस इंटर कॉलेज तक पहुँचकर समापन हुआ। शोभायात्रा में भारत माता की आकर्षक झांकी, पारम्परिक वेशभूषा में सुसज्जित बहनों की सहभागिता, समिति ध्वज एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ मुख्य आकर्षण रहीं। सुसज्जित मंच, सुंदर रंगोली, सजी हुई जीप एवं आकर्षक बैनरों से सम्पूर्ण वातावरण अत्यंत भव्य एवं मनोहारी दिखाई दिया, जिसने आयोजन की सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक उन्नत किया। यात्रा का नेतृत्व सुसज्जित घोड़ों द्वारा किया गया। शोभा यात्रा में तलवारों का विशेष आकर्षण देखने को मिला।

शोभायात्रा में शामिल महानगर प्रचार प्रमुख अक्षरी प्रकाश व शिखा जैन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story