हिमांशु बडोनी ने मंडल रेल प्रबंधक का पदभार संभाला

WhatsApp Channel Join Now
हिमांशु बडोनी ने मंडल रेल प्रबंधक का पदभार संभाला


प्रयागराज, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय रेल की इंजीनियरिंग सेवा के 1993 बैच के अधिकारी हिमांशु बडोनी ने बुधवार को प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह पद निवर्तमान मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा से ग्रहण किया।

मोहित चंद्रा अपना कार्यकाल पूरा करने के उपरांत रेलवे बोर्ड में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (रोलिंग स्टॉक) के पद पर पदस्थापित होंगे। इसके पूर्व हिमांशु बडोनी राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। हिमांशू बडोनी ने अपनी स्नातक की पढ़ाई आईआईटी रुड़की एवं परास्नातक की पढ़ाई आईआईटी दिल्ली से की है।

श्री बडोनी इसके पहले भी प्रयागराज मंडल और उत्तर मध्य रेलवे, मुख्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवा प्रदान कर चुके हैं। भारतीय रेलवे के महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने के साथ साथ ऊर्जा मंत्रालय के अधीन टीएचडीसीआईएल में मुख्य सतर्कता अधिकारी भी रह चुके हैं। जल शक्ति मंत्रालय से पूर्व वह रेल विकास निगम लिमिटेड में मुख्य परियोजना प्रबंधक, ऋषिकेश के रूप में ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक नई लाइन बिछाने की भारत सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना पर भी कार्य कर चुके हैं।

निवर्तमान मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा ने आज संकल्प सभागार में आयोजित बैठक में नवागंतुक मण्डल रेल प्रबंधक हिमांशू बडोनी से प्रयागराज मण्डल के सभी शाखाधिकारियों के परिचय करवाया तथा मण्डल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों, जानकारियों एवं आवश्यकताओं से भी अवगत करवाया। निवर्तमान मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा को भावभीनी विदाई देते हुए मंडल के सभी अधिकारियों ने उनके कुशल नेतृत्व में प्रयागराज मंडल की उपलब्धियों को याद किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

Share this story