जालौन–औरैया स्टेट हाईवे : यमुना नदी पुल पर निर्माणाधीन गेट की शटरिंग ढही, काम कर रहे छह मजदूर दबने से घायल

WhatsApp Channel Join Now
जालौन–औरैया स्टेट हाईवे : यमुना नदी पुल पर निर्माणाधीन गेट की शटरिंग ढही, काम कर रहे छह मजदूर दबने से घायल


हादसे में घायल दो मजदूराें की हालत गंभीर

औरैया, 10 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में जालौन–औरैया स्टेट हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी पर बने पुल पर निर्माणाधीन गेट की बीम की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे उस पर काम कर रहे करीब आधा दर्जन मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शेरगढ़ गांव में हुआ है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दयालपुर भीखमपुर निवासी गोविंद पुत्र जगत सिंह और सलेमपुर निवासी धीरेंद्र पुत्र गया प्रसाद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया। अन्य घायल मजदूरों—धीरू, सुनील, रूप सिंह, रवि और हीरो—को भी बेहतर इलाज के लिए वहीं भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन गेट के दूसरी ओर बीम डालने के लिए लगाई गई शटरिंग अचानक कमजोर होकर गिर पड़ी। शटरिंग पर खड़े मजदूर सीधे नीचे आ गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। काम के समय सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे और न ही माैके पर सक्षम अधिकारी ही थे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। जालौन के एसडीएम हेमंत पटेल ने मीडिया को बताया कि जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story