(अपडेट) मऊ में सड़क हादसे के बाद बवाल: महिला की मौत पर हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज से हालात काबू में

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मऊ में सड़क हादसे के बाद बवाल: महिला की मौत पर हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज से हालात काबू में


मऊ, 20 जून (हि.स.)। जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढवल बाजार/पिढवल मोड़ के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रही एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करने का प्रयास किया।

महिला की मौत से भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने शव को नेशनल हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों का आरोप था कि पिढवल मोड़ पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और अंडरपास न होने के कारण लोगों की जान जा रही है। इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारी अंडरपास निर्माण की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस पर पथराव, बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया गया

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई करने लगे। पुलिस के अनुसार कुछ अराजक और शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ते हुए पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, कोतवाल, भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठी फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

पथराव और जाम करने वालों पर होगी कार्रवाई, हालात सामान्य

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ भी अभियोग पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र

Share this story