बड़े भाई की बारात में मातम: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 22 जून (हि.स.)। बड़े भाई की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात में डीजे पर चढ़कर गाना बजा रहा किशोर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अतर्रा थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी रामबाबू उर्फ शिवकुमार ने बताया कि रविवार को उनके बड़े पुत्र योगेंद्र की शादी थी। बारात गिरवां थाना क्षेत्र के शिवहद गांव गई थी। बारात की अगवानी और जलपान के बाद द्वारचार की रस्म के लिए दूल्हे पक्ष के लोग डीजे के साथ लड़की के दरवाजे की ओर बढ़ रहे थे।

इसी दौरान उनका 15 वर्षीय पुत्र आनंद बाबू डीजे के ऊपर चढ़कर गाने बजा रहा था। अंधेरा होने के कारण वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को नहीं देख सका। अचानक उसका सिर विद्युत तार से छू गया और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और लोडर पर रखे जनरेटर के ऊपर जा गिरा।

घटना के बाद बारातियों और वधू पक्ष के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की सारी खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। छोटे भाई की मौत के बाद बारात बिना द्वारचार की रस्म पूरी किए और बिना दुल्हन की विदाई कराए ही वापस गांव लौट आई।

मृतक के पिता ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मेविस टॉक ने साेमवार काे बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story