पनकी धाम रेलवे स्टेशन पर छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
पनकी धाम रेलवे स्टेशन पर छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान


कानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकी धाम रेलवे स्टेशन पर हाईस्कूल के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को छात्र के आईपैड में सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दिया है। जबकि मामले की पड़ताल पनकी थाने की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

शास्त्री नगर के रहने वाले अमित सैनी दादा नगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी अनीता बड़ी बेटी गुनगुन और बेटा अनिकेत (17) उर्फ समीर सैनी था। वह विजयनगर स्थित ब्रिज पब्लिक स्कूल में दसवीं का छात्र था। परिजनों ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कोचिंग में राेज पढ़ने जाता था। बुधवार शाम कोचिंग पढ़ने की बात बोलकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

अगले दिन गुरुवार को परिजन उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे हैं। जहां उन्हें जानकारी हुई कि पनकी धाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से एक लड़का कट गया है। परिजन तुरंत पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां पर उन्होंने कपड़ों के जरिए समीर की पहचान करी। इसके अलावा घर पर मिले अनिकेत के आईपैड को जब खोला गया तो उसमें एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें लिखा था मैं सुनील सोनी हूं..मुझे मेरी गली का एक लड़का मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। इसलिए मैं मरने जा रहा हूं। इसको कड़ी से कड़ी सजा मिले। उस लड़की की कोई गलती नहीं है। पूरी गलती मुर्गी (आरोपित लड़के का नाम) की है।

परिजनों बताया कि जनवरी महीने में स्कूल का एक कार्यक्रम था। समीर के साथ पढ़ने वाली एक लड़की के साथ उसने फोटो खिंचवाई थी। जिसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। पोस्ट का स्क्रीनशॉट लेकर इलाके का एक लड़का उसे परेशान कर रहा था। वह धमकी दे रहा था कि उस फोटो के जरिए उस लड़की और उसे बदनाम कर देगा। वह सबको बताया कि दोनों के बीच लव अफेयर है।

पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदोरिया ने गुरुवार बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम भेजा जा चुका है। साथ ही उसके आईपैड को जांच में शामिल कर मामले विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story